नजीबाबाद के गांव तिसोतरा में तालाब सौंदर्यीकरण में जुटे मनरेगा मजदूर।
- फोटो : NAZIBABAD
मनरेगा मजदूरों को मिला रोजगार
नजीबाबाद। खंड विकास कार्यालय की ओर से तालाबों के सुंदरीकरण की योजना में 1800 से अधिक मनरेगा मजदूरों को काम दिया गया है। ब्लॉक में 20 तालाबों का सुंदरीकरण किया जा रहा है।
लॉकडाउन के दौरान आर्थिक संकटों से जूझने वाले जॉब कार्ड धारक मनरेगा मजदूरों को विभिन्न ग्राम पंचायतों के 20 तालाबों के सुंदरीकरण में काम मिलने से राहत मिली है। उपायुक्त मनरेगा एवं प्रभारी बीडीओ ज्ञान सिंह के नेतृत्व में नजीबाबाद ब्लॉक के गांगूवाला, झक्काकी, भदौला, फजलपुर, बौरेकी, नांगलसोती, रानीपुर, कमालपुर सहित 20 तालाबों का सुंदरीकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक की देखरेख में तालाबों के सुंदरीकरण के लिए जॉब कार्ड धारक करीब 1800 मनरेगा मजदूरों को काम दिया गया है। कई तालाबों का सुंदरीकरण कार्य अंतिम चरणों में हैं। तहसील में गत वर्षों में अनेक ऐसे तालाब भी चिह्नित किए गए हैं, जिन पर अवैध कब्जे हैं। ब्लॉक की ओर से ऐसे तालाबों को चिह्नित कर राजस्व विभाग को पैमाइश आदि कर स्थिति से अवगत कराने का कहा जा चुका है। राजस्व विभाग की ओर से तालाबों पर अवैध कब्जे की स्थिति के सत्यापन आदि का काम लंबे अरसे से लंबित है।