बिजनौर। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के नए पर्यटन सत्र का रविवार को आगाज हो जाएगा। सुबह 10 बजे केहरीपुर रेंज कार्यालय पर उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह और मुरादाबाद मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह जंगल सफारी का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए अमानगढ़ के जंगलों में वन्यजीवों को करीब से देखने का रास्ता खुल जाएगा।
हालांकि, पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने की योजना फिलहाल परवान नहीं चढ़ पाई है। ऐसे में शुरुआती दौर में पर्यटकों को बुकिंग के लिए केहरीपुर रेंज कार्यालय पहुंचना पड़ेगा। पहले ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बुकिंग की व्यवस्था बनाने की तैयारी थी। कुल उपलब्ध स्लॉट में 60 प्रतिशत ऑनलाइन और 40 प्रतिशत ऑफलाइन बुकिंग के लिए निर्धारित किए गए थे। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि एक नवंबर से जंगल सफारी शुरू हो रही है। उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हैं।
पुराने रेट पर ही कर सकेंगे सफारी
अमानगढ़ में इस पर्यटन सत्र में भी पर्यटकों को पुराने शुल्क पर ही जंगल सफारी का आनंद मिलेगा। वन विभाग ने शुल्क में करीब 15 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव शासन को भेजा था, लेकिन अभी इसकी मंजूरी नहीं मिली है। फिलहाल एक जिप्सी का किराया 2280 रुपये, वाहन प्रवेश शुल्क 300 रुपये और नेचर गाइड का शुल्क 400 रुपये निर्धारित है। इसके अलावा भारतीय पर्यटकों को 100 रुपये प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क देना होगा। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 600 रुपये प्रति व्यक्ति है।
32 किमी का होगा जंगल सफारी का रूट
अमानगढ़ में केहरीपुर गेट से झिरना गेट तक करीब 32 किलोमीटर का सफारी रूट निर्धारित है। एक चक्कर पूरा करने में लगभग तीन से साढ़े तीन घंटे लगते हैं। सुबह और शाम की पाली में जिप्सियों का संचालन होगा। यहां बाघ, हाथी, गुलदार, भालू और हिरन समेत कई वन्यजीव पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।