बैराज में उतराता मिला लापता युवक का शव
हरेवली। सोमवार को लापता हुए युवक का शव रामगंगा बैराज हरेवली में उतराता मिला। पुलिस ने शव को निकलवाया। परिजनों बिना किसी कार्रवाई के ही ले गए।
परिजनों ने बताया कि ग्राम भगौता निवासी 27 वर्षीय मिथुन पुत्र श्याम सिंह प्रजापति सोमवार को बैराज के पास स्थित देवता के थले पर भंडारे में शामिल होने गया था। तभी से ही मिथुन लापता हो गया था। उसे काफी तलाशने का प्रयास किया। लेकिन पता नहीं लग सका। बताया गया कि मंगलवार को जब वह मिथुन को तलाश रहे थे तो इस दौरान पुलिस को बैराज में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर एसओ शेरकोट मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना दी। शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अंतिम संस्कार करने के लिए अपनी सुपुर्दगी में ले लिया।
मिथुन के पिता श्याम सिंह का कहना है कि मिथुन दोपहर में भंडारे में गया था। आशंका है कि भंडारे के दौरान वह बैराज से पानी लेने के लिए गया और वहां पैर फिसलने से वह बैराज में गिर गया। इसलिए उन्होंने कोई पुलिस कार्रवाई नहीं कराई।