लापता महिला का शव नोगावां सादात नहर में मिला
स्योहारा। क्षेत्र के गांव कमाला निवासी गुमशुदा महिला का शव बृस्पतिवार को अमरोहा के नोगावां सादात रामगंगा पोषक नहर में मिला। सूचना मिलने पर मृतका के परिजनों ने शव की मौके पर पहुंचकर शनाख्त की। गांव में लाकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बृस्पतिवार को नौगावां सादात थाना पुलिस को गांव कमालपुरी के पास रामगंगा पोषक नहर में महिला का शव बहता हुआ मिलने की सूचना मिली। गांव टंडेरा के पास नहर से शव को बरामद किया गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शव की शनाख्त का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव को मोर्चरी पर रखवाया गया था। शुक्रवार को सूचना मिलने पर मृतका के पुत्र ने शव की शनाख्त अपनी माता संतोष देवी पत्नी प्रताप सिंह निवासी कमाला स्योहारा के रूप में की। परिजनों के मुताबिक पति की मौत के बाद से वह दिमागी रूप से कमजोर हो गई थीं। 23 जून की सुबह से वह घर से लापता हो गई थीं। पुलिस ने शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर ने बताया कि क्षेत्र के गांव कमाला से संतोष देवी गुम हो गई थीं। शुक्रवार को गुमशुदा महिला के परिजन थाने गुमशुदगी लिखवाने आए थे, लेकिन तभी नोगावां सादात के पास रामगंगा पोषक नहर में उनका शव मिलने की सूचना पर वहां चले गए।