बिजनौर के कस्बा झालू मे किसान की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : BIJNOR
सहकारी समिति में जहर खाने वाले किसान की मौत पर हंगामा
झालू/बिजनौर। कर्ज वसूली की टीम के तकादे और बेइज्जती से आहत होकर सहकारी समिति में जहर खाने वाले किसान की मौत हो गई। उसके शव को झालू सहकारी समिति में रखकर परिजनों और किसानों ने हंगामा किया। भाकियू ने भी समिति में धरना-प्रदर्शन किया। समिति के अधिकारियों पर तमाम आरोप लगाए। प्रशासनिक अधिकारियों से उचित मुआवजा दिलाने को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
गांव हसनपुर जट निवासी रेवती (50) पुत्र भरता ने झालू जाटान सहकारी समिति से 2016 में 99,600 रुपये का कर्ज ले रखा था। कर्ज की वसूली के लिए बृहस्पतिवार को सहकारिता विभाग की टीम किसान के घर पहुंच गई। किसान रेवती के परिवार में भतीजी की शादी थी। टीम ने मेहमानों के सामने कर्जा अदायगी का दबाव बनाया। उस वक्त मेहमानों और परिवार के लोगों ने टीम की मनुहार करते हुए शाम तक समिति में पहुंचने का आश्वासन देकर लौटा दिया। मेहमानों के बीच बेइज्जती से आहत किसान बृहस्पतिवार शाम सहकारी समिति में पहुंचा और जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद सहकारी समिति के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस से किसान को बिजनौर के एक अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। किसान ने मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह ही परिजन और ग्रामीण किसान का शव लेकर सहकारी समिति में पहुंच गए और गेट पर रख दिया। भाकियू लोकशक्ति व भाकियू के पदाधिकारी भी जुट गए और धरना शुरू कर दिया। उन्होंने सहकारी समिति के कर्मचारियों पर तमाम आरोप लगाते हुए हंगामा किया। एसडीएम सदर मोहित कुमार, सीओ सिटी अनिल कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, सीओ चांदपुर सुनीता दहिया पुलिस फोर्स के साथ झालू समिति में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। भाकियू लोकशक्ति के जिला अध्यक्ष वीर सिंह सहरावत, ब्लॉक अध्यक्ष नरेश कुमार, भाकियू जिला सचिव नरेश प्रधान समेत कार्यकर्ताओं ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने को लेकर तीखी नोकझोंक की। प्रशासनिक अधिकारियों ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ता व परिजन शांत हो गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।