रेवली। शेरकोट थाना क्षेत्र के ग्राम शहजादपुर में शरारती तत्वों ने प्रस्तावित खेल के मैदान में एक कब्र बना दी। ग्रामीणों और पुलिस ने जब कब्र को खुदवाया तो वहां से बकरे का शव निकला।
शहजादपुर में स्थित रामगंगा इंटर कॉलेज के समीप करीब तीन एकड़ जमीन है। जिसे समतल कर खेल का मैदान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार की रात्रि इसी मैदान के एक हिस्से में शरारती तत्वों ने एक कब्र बनाकर बकरे को दफना दिया। इस मैदान के दक्षिण दिशा में पहले से ही कब्रिस्तान स्थित है। कब्र को इस तरह से बनाया गया कि जैसे किसी मृतक व्यक्ति को दफनाया गया हो। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर शेरकोट पुलिस ने ग्रामीणों के सामने कब्र को खुदवाया तो बकरे का शव निकला। ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। ग्राम प्रधान नफीस अहमद का कहना है कि यहां तीन साल पहले खेल के मैदान का प्रस्ताव कर शासन को भेजा था। उन्होंने ऐसे शरारती तत्वों के लिए शासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अमित कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि इस मामले को दिखवाया जा रहा है। पुलिस की ओर से इस मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।