बिजनौर। गोवंश को निगेटिव एनर्जी से बचाने के लिए सभी नगर पालिका व पंचायतों में बनी गोशालाओं में गोवंश को हरे चारे की मात्रा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पशुपालन विभाग इन गोवंश को खुद ही मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराएगा। इसके लिए सभी कान्हा पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। हरा चारा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
जिले की शेरकोट नगर पंचायत में गोवंश निगेटिव एनर्जी का शिकार मिला था। पर्याप्त मात्रा में हरा चारा व पोषक तत्व न मिलने के कारण पशु अपने शरीर में संचित ऊर्जा को खर्च करने लगता है। ऐसी स्थिति में पशु कमजोर होने लगते हैं यहां तक उनकी मौत भी हो जाती है। शेरकोट नगर पंचायत में गोवंश निगेटिव एनर्जी का शिकार मिला था। वहां मुख्य पशुधन चिकित्साधिकारी डा.भूपेंद्र सिंह ने निरीक्षण करके पशुओं को हरा चारा बढ़ाने के आदेश दिए थे। इसके अलावा पशुपालन विभाग ने सभी केंद्रों को, पशुओं को सभी पोषक तत्व देने के लिए मिनरल मिक्सचर भी पहुंचा दिए हैं। शासन द्वारा पशुपालन विभाग को यह मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराया जाता है। अब पशुपालन विभाग ने सभी कान्हा पशु आश्रय स्थल को पशुओं की खुराक में हरे चारे की मात्रा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हरा चारा अधिक मिलने व पोषक तत्व मिलने से गोवंश निगेटिव एनर्जी का शिकार नहीं होगा। जो गोवंश पहले से ही निगेटिव एनर्जी का शिकार होगा वह भी ठीक हो जाएगा।
दुधारू पशुओं के शरीर में कैल्शियम की कमी हो जाती है। इस कमी को पूरा करने के लिए किसान पशुओं को पशु आहार जैसे खल, चोकर आदि देते हैं। गोशालाओं में पशुओं को इतनी अच्छी खुराक मिलना संभव नहीं है। ऐसे मेें पशुओं को मिनरल मिक्सचर से ही सभी पोषक तत्व उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
एक वयस्क पशु को एक दिन में चार किलो भूसा व करीब 15 किलो हरे चारे की आवश्यकता होती है। अब तक पशुओं को भूसा अधिक मात्रा में दिया जा रहा था। पशुपालन विभाग ने हरा चारा बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। नगर पालिका या पंचायतें कुट्टी मशीन या सीधे किसानों से चारा खरीद सकती है।
निकायवार गोवंश की संख्या
निकाय का नाम संरक्षित गोवंश
शेरकोट 27
चांदपुर 33
किरतपुर 20
झालू 57
मंडावर 20
नूरपुर 29
जलालाबाद 23
बिजनौर 40
नहटौर 10
साहनपुर 16
अफजलगढ़ 06
नजीबाबाद 09
नगीना 03
बढ़ापुर 01
कुल गाय 294
नोट:आंकड़े कलक्ट्रेट से लिए गए हैं।