चंदक क्षेत्र में गंगा में समाया ट्रैक्टर, बचाव कार्य करते ग्रामीण।
- फोटो : BIJNOR
ट्रैक्टर ट्रॉली गंगा में समाई
चंदक, मंडावर (बिजनौर)। अंतिम संस्कार में जा रहा एक ट्रैक्टर व उसमें सवार गांव वाले गंगा की धारा में डूब गए। ट्रैक्टर-ट्राली पर 15 से 20 लोग सवार थे। गांव वालों को दूसरे ट्रैक्टर पर सवार कुछ युवकों ने जान पर खेलकर बचाया। घटना से खादर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बाद में किसी तरह ट्रैक्टर ट्राली को निकाला गया और मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
गांव रायपुर बेरीसाल निवासी रामकुमार की रविवार को हार्टअटैक से मौत हो गई थी। परिजन शाम को मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। गांव वाले दो ट्रैक्टर ट्राली से बालावाली की ओर जा रहे थे। बालावाली में गंगा पर पुल बनाया जा रहा है। वहां पर पुल के पास से एक अस्थायी कच्ची सड़क भी गुजर रही है। पानी कम होने पर इस सड़क से होकर गांव वाले आते जाते हैं। इस सड़क पर कुछ दिनों पहले पानी नहीं था। रविवार को सड़क पर गंगा की धारा चल रही थी। गांव वालों को लगा की धारा ज्यादा गहरी नहीं है। गांव वालों के कहने पर चालक मंगू ट्रैक्टर ट्राली गंगा की धारा में उतार दी। ट्रैक्टर ट्राली गंगा में उतरते ही गहरे गड्ढ़ा होने के कारण गंगा में समा गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। कुछ लोग खुद तैरकर धारा के पार निकल गए। पीछे के ट्रैक्टर पर सवार कुछ युवकों ने अपनी जान पर खेलकर बाकी गांववालों को निकाला। ट्रैक्टर पर गांव के मंगू, टीकम आदि गांव वाले सवार थे। गांव वालों की मानें तो शव व अंतिम संस्कार का सामान भी इसी ट्रैक्टर ट्राली पर रखा हुआ था। उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। सभी के सकुशल बाहर निकलने पर गांव वालों ने राहत की सांस ली। ट्रैक्टर ट्राली डूबने का पता चलने पर दूसरे गांवों के लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने गंगा की धारा में डूबे ट्रैक्टर ट्राली को किसी तरह बाहर निकाला। बाद में गंगा के तट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया।