संवाद न्यूज एजेंसी
चंदक। बीएसएफ और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की संयुक्त पहल गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा नदी में 2500 किलोमीटर की नौकायात्रा चल रही है। मंगलवार शाम को बिजनौर जनपद में यह नाैकायात्रा पहुंची। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। टीम ने स्वच्छ गंगा और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
बुधवार को बालावाली घाट पर बिजनौर सीमा सुरक्षा बल की बीस महिला जवानों का सीडीओ पूर्ण बोरा ने स्वागत किया। बाद में सीडीओ पूर्ण बोरा, एसपी सिटी संजीव वाजेपयी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। सीडीओ ने कहा कि गंगा का महत्व सिर्फ एक नदी होने से कहीं ज्यादा है। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और धरोहर का प्रतिनिधित्व करती है।
अभियान की निगरानी कर रहे बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट मनोज सुंदरियाल ने बताया कि इस अभियान का नेतृत्व बीएसएफ की एसआई प्रया मीना कर रही हैं। इसका समापन 24 दिसंबर 2024 को पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में होगा। इस अभियान का उद्देश्य क्लीन गंगा और महिला सशक्तिकरण को आम लोगों तक फैलाना है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी महेशचंद्र गौतम ने बताया कि टीम को दो नवंबर को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने गंगोत्री से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। टीम ढाई हजार किलोमीटर की यात्रा करके 24 दिसंबर को कोलकाता पहुंचेगी और यात्रा संपन्न होगी।
क्षेत्रीय वनाधिकारी महेशचंद्र गौतम, नमामि गंगे के जिला कार्यक्रम अधिकारी पुलकित अग्रवाल व मंडावर पुलिस, मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य डॉ. मदन सिंह रावत माैजूद रहे।