पालिका बोर्ड बैठक में सदस्यों ने किया हंगामा
धामपुर। पालिका बोर्ड की सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। सदस्यों का कहना था कि पालिका बोर्ड की बैठक में नगर में करोड़ों के विकास कार्य कराने को प्रस्ताव तो पास कर लिए जाते हैं, पर सरकार की ओर से धन का आवंटन न होने से काम धरातल पर होते किसी को नजर नहीं आ रहे हैं। पालिका सरकार की ओर से विभिन्न मदों में धन न मिलने के कारण आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रही है। इस मौके पर सदन ने नगर विकास के मामले में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए।
शनिवार को पालिका बोर्ड की बैठक पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता के कार्यालय में उन्हीं की अध्यक्षता में हुई। सदस्यों ने बैठक के शुरू होने के साथ ही सदन से जानना चाहा कि उनके कार्यकाल में अब तक जो प्रस्ताव पास हुए हैं उनमें से कितने काम हो चुके हैं। सदस्यों ने कहा कि पालिका के पास ठेकेदारों तक को देने के लिए बजट का टोटा हो गया है। बार बार अधिकारियों व शासन को अवगत कराने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। सदस्यों ने पिछले छह माह से गैर हाजिर चल रहे सफाई निरीक्षक को बर्खास्त करने की मांग की। पालिका की सरकारी संपत्ति पर हो रहे कब्जों को ध्वस्त करा जमीन को मुक्त कराने, पालिका के जिन किराएदारों से बगैर परमिशन के छतों पर निर्माण किया है उसे गिराने और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। बताया गया कि बड़ी मंडी में अधिकांश व्यापारियों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। शिकायत करने पर अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। बैठक में रिहान शेख, राकेश चौधरी, जितेंद्र गोयल, भूपेंद्र सैनी, अरविंद जोशी, जसप्रीत रॉकी , प्रमोद अग्रवाल , फरीद डॉन, रेखा रानी, कमलेश सैनी, माया देवी, सुरेंद्र बोबी,हैदर अली , इमरान आदि रहे।
रकम उधार लेकर होगा विकास
पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता ने पालिका को आर्थिक बदहाली से उबारने को पालिका में करीब सात सालों से पड़े करीब सवा करोड़ की रकम को प्रक्रिया के तहत उधार लेकर विकास कराने का प्रस्ताव पास कराया। हालांकि ईओ ने विरोध किया तो सदन ने विरोध कर उन्हें रोक दिया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पालिका के पास सफाई वाहनों को चलाने को पेट्रोल पंप मालिक को देने को भी बजट नहीं है। करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा का पालिका वर्तमान में कर्जदार हो चुकी है।
नगर हित में यह प्रस्ताव हुए पास
पालिका बोर्ड की बैठक में नागरिकों को ठंड से बचाव को अलाव की व्यवस्था कराने, सफाई कर्मियों को सर्दी व गरम वर्दी दिलाने, टूटे स्पीड ब्रेकरों को ठीक कराने, सरकारी संपत्ति को कब्जा मुक्त कराने, बड़ी मंडी में अवैध तौर पर पड़े टिनशैडों को ध्वस्त करने, प्राइवेट बस अडड़े की किराएदारी को खत्म कर वहां पर बढिया होटल, पार्किंग बनवाने, पालिका में करीब 88 साल पुराने भवनों को ध्वस्त कर नई विल्डिंग का निर्माण कराने, पालिका की आय को बढ़ाने को स्थगित किए टैक्स की अधिक से अधिक वसूली करने संबंधी शामिल है।
अब महिला सदस्यों के पति बोर्ड बैठक में नहीं करेंगे प्रतिभाग : ईओ
बैठक में महिला सदस्यों के पति के शामिल होने और सदन में हस्तक्षेप करने को लेकर हंगामा हुआ है। पालिकाध्यक्ष और ईओ के हस्तक्षेप से किसी तरह से शांत किया गया। ईओ ने बताया कि अब अगली बार महिला सदस्यों के पति बोर्ड की बैठक में प्रतिभाग नहीं करेंगे।