प्राॅपर्टी डीलर सुशील हत्याकांड
- दो आरोपियों को दिन में और शूटर को देर शाम दबोचा
- इस मामले में अब तक नाै आरोपियों को पकड़ा जा चुका है
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। प्राॅपर्टी डीलर सुशील हत्याकांड में पुलिस ने मेरठ निवासी दो और आरोपियों को बुधवार को दिन में गिरफ्तार किया। देर रात मुठभेड़ में मेरठ के ही शूटर अजीज को भी दबोच लिया। इस मामले में अब तक नाै आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर बिजनौर शहर में 29 मई की शाम प्रॉपर्टी डीलर सुशील चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने फैजान पुत्र अनवर निवासी लकीपुरा लिसाड़ी गेट और सालिक पुत्र तारिक निवासी बनियापाड़ा मेरठ को गिरफ्तार करते हुए चालान कर दिया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
उधर, देर शाम पुलिस ने शहर नहटाैर रोड पर काली मंदिर के पास शूटर अजीज पुत्र इम्तियाज निवासी मोहल्ला प्रयाण मंदिर वाली गली थाना लिसाड़ी गेट जिला मेरठ को भी मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई।
सीओ के मुताबिक आरोपी फैजान ने अपने मामा हसीन के कहने पर सालिक से संपर्क किया। सालिक ने ही हरियाणा के पलवल निवासी शूटर से संपर्क कराया।
सुशील हत्याकांड को अंजाम देने के लिए ढाई लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पुलिस इस मामले में हसीन पुत्र नफीस निवासी मोहल्ला खत्रियां, पूर्व सभासद वसीम पुत्र फकरूद्दीन निवासी मिर्दगान बिजनौर, अतुल चौधरी निवासी फरीदपुर उद्दा बिजनौर, नईमुद्दीन निवासी बुखारा बिजनौर, शुभम चौधरी निवासी फरीदपुर उद्दा बिजनौर, अरनव तोमर न्यू सिटी कॉलोनी बिजनौर को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि सुशील हत्याकांड के साथ-साथ एक फल व्यापारी और एक अन्य प्रॉपर्टी डीलर की हत्या को भी अंजाम दिलाया जाना था। मगर, पुलिस ने समय रहते ही आरोपियों को दबोच लिया।