बिजनौर में मुठभेड़ में पकड़ा गया बदमाश। स्रोत पुलिस
बिजनौर। शहर में महिला से चेन लूटने वाले मेरठ के बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। जबकि उसके दो साथियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपी के पास से सोने की चेन और तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है।
शहर कोतवाली पुलिस ने 17 नवंबर की रात दो बजे चेकिंग के वक्त संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। जिसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो आरोपी के पैर में गोली जा लगी। पुलिस ने घायल हालत में आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने अपना नाम संजय उर्फ शिवा निवासी गांव झिटकरी सरधना मेरठ बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने की एक चेन और तमंचा बरामद किया।
पुलिस ने अनुसार आरोपी बदमाश संजय उर्फ शिवा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी सुशील उर्फ मानव निवासी भूपेंद्र नगर थाना मोदीनगर जनपद गाजियाबाद के साथ मिलकर चेन झपटमारी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी किए सामान को अपने तीसरे साथी शीशपाल निवासी समसपुर खोड़ा थाना कोतवाली देहात बिजनौर को बेच देते थे। पुलिस सुशील और मानव की तलाश में लगी है।
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपियों ने एक नंबर को बिजनौर के नई बस्ती में एक महिला से चेन लूट ली थी। पकड़े गए आरोपी संजय पर मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और बिजनौर में 19 मुकदमे दर्ज हैं।