विवाहिता दिव्य ज्योति का फाइल फोटो।
- फोटो : BIJNOR
गांव कादराबाद में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
अफजलगढ़। गांव कादराबाद निवासी विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट तथा उत्पीड़न कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव कादराबाद निवासी धर्मपाल सिंह की 23 वर्षीय पुत्री दिव्य ज्योति की शादी इसी वर्ष चार अप्रैल को हरियाणा सोनीपत गुज्जरखेड़ी गन्नौर निवासी रोहित के साथ हुई थी। दिव्य ज्योति के परिजनों का आरोप है कि उसका पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज के लिए अक्सर उसके साथ मारपीट कर उत्पीड़न कर रहे थे। दिव्य ज्योति की अपने पति व ससुरालियों से कुछ अनबन चल रही थी। दिव्य ज्योति तीज के अवसर पर अपने मायके आई हुई थी। करीब 15 दिन पूर्व उसके मायके वाले दिव्य ज्योति को छोड़ कर आये थे, परिजनों का आरोप है कि उसका पति दिव्य ज्योति से बात भी नहीं करने देता था और आये दिन तलाक देने की बात कहता रहता था।
दिव्य ज्योति की बड़ी बहन पूजा ने बताया कि बुधवार को दिव्यज्योति का पति रोहित व जेठ दिव्य ज्योति के बीमार होने की बात कहते हुए उसे मरणासन्न हालत में घर छोड़ कर चले गये थे। कुछ समय बाद दिव्यज्योति की मौत हो गई। घटना से दिव्य ज्योति के परिजनों में कोहराम मच गया। दिव्य ज्योति के परिजनों ने रोहित सहित ससुरालियों पर मारपीट कर घर छोड़ जाने का आरोप लगाया जिसके चलते ही दिव्य ज्योति की मौत हुई।
सूचना पर सीओ सुनीता दहिया व कोतवाल मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।