‘आदमखोर गुलदारों पर कसा जाए शिकंजा’
नजीबाबाद। गुलदार के आदमखोर होने और लगातार बढ़ते हमलों से किसान मजदूर भयभीत हैं। बार संघ के पूर्व संयुक्त सचिव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को पत्र भेजा है। उन्होंने आदमखोर जानवरों से सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
एक माह के भीतर गुलदार जनपद में पांच लोगों की जान ले चुके हैं। इनमें नजीबाबाद ब्लाक से एक किशोर सहित तीन लोग शामिल हैं। गुलदारों के आदमखोर होने पर बार संघ के संयुक्त सचिव देवप्रताप सिंह एड. के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम कार्यालय को सौंपा। अधिवक्ताओं असअद मंसूब, खुशपाल सिंह, नरेश कुमार, सुधीर कुमार, मोहम्मद खलील, मोहम्मद आरिफ ने राज्यपाल को भेजे पत्र में आदमखोर हो चुके गुलदारों को मारने के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन को दिशा निर्देश देने की मांग की है। अधिवक्ताओं ने गुलदारों की लगातार संख्या बढ़ने से किसान मजदूरों पर हमलों से कृषि व्यवसाय पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव का भी जिक्र करते हुए सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।