बिजनौर में शुक्रवार रात गंगा और मालन नदी फिर से उफनने लगीं। मंडावर में बिजनौर-हरिद्वार मार्ग पर रपटे पर रावली का पानी चलने से मार्ग बंद हो गया है। कांवड़ियों व अन्य वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया। रास्ता बदलने से कांवड़ियों व राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रावली के पास रपटे पर भी पानी चलने लगा है। गांव ब्रह्मपुरी में भी डेढ़ से दो फीट पानी भर गया है।
पहाड़ों पर हो रही बारिश से शुक्रवार रात को गंगा और मालन नदी फिर से उफननी शुरू हो गईं। गांव ब्रह्मपुरी में आधे गांव में मालन और गंगा का पानी भर गया। गांव के प्राइमरी स्कूल में भी पानी भरने से गांव के बच्चों ने गुरुद्वारे में पढ़ाई की। मंडावर में बिजनौर हरिद्वार मार्ग पर भी पानी आ गया। पुलिस ने शनिवार सुबह इस रास्ते पर आवागमन बंद करा दिया। यहां से गुजरने वालों को बाखरपुर की ओर से निकाला गया। रूट बदला जाने से कांवड़ियों व अन्य राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गांव रावली के पास रपटे पर दो से ढाई फीट तक पानी होने से कई गांव के राहगीरों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया। गांव रावली, शहजादपुर आदि के स्कूली बच्चे नाव से नदी पार कर घर पहुंचे। वहीं, शनिवार सुबह भी कुछ देर के लिए बारिश हुई। बारिश होने से स्कूली बच्चे भीगते हुए घर पहुंचे। तहसीलदार पंकज दीक्षित के अनुसार हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मध्य गंगा बैराज के एक्सईएन एसएस गिरि के अनुसार शुक्रवार को गंगा में एक लाख क्यूसेक पानी था। शनिवार को पानी बढ़कर एक लाख 17 हजार क्यूसेक हो गया है।
तटीय गांवों का दौरा किया
बिजनौर। बिजनौर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी व नहटौर के चेयरमैन रशीद अहमद छिद्दू व विधानसभा अध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह ने सोमवार को तटीय गांवों कुंदनपुर, टीप, मिर्जापुर, सीमली, मीरापुर, कोहरपुर, राजारामपुर, चौहड़वाला, रावली, ब्रह्मपुरी आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव वालों से जलभराव व कटान की स्थिति के बारे में बात की। रशीद अहमद छिद्दू के अनुसार गांव वालों ने प्रशासनिक व जन प्रतिनिधियों पर मुसीबत की घड़ी में उनका साथ न देने का आरोप लगाया है। राजारामपुर निसार अहमद, मोहम्मद असलम व डॉ. सोनू ने गंगा का कटान उनको दिखाया। इस दौरान करन सिंह, डॉ. लाखन सिंह प्रधान, सचिन कुमार, मुन्ना सिंह, भीम सिंह, देशराज भुईयार आदि मौजूद रहे।