अपना योगदान दे प्रदेश को बनाएं नंबर वन : डीएम
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के मौके पर इंदिरा बाल भवन में तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ किया गया। मेले में युवाओं, किसानों, महिलाओं व उद्यमियों से जुड़े स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर डीएम ने आह्वान किया कि लोग अपना योगदान देकर प्रदेश को नंबर वन बनाएं।
मेले का शुभारंभ भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी, डीएम रमाकांत पांडेय, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, सीडीओ केपी सिंह आदि ने फीता काटकर किया। विधायक व अफसरों ने मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया व जानकारी प्राप्त की। जीजीआईसी बिजनौर की छात्राओं व किसान इंटर कॉलेज मंडावली के विद्यार्थियों ने स्वागत व देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। मिशन शक्ति के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ में उल्लेखनीय कार्य करने वाली छात्राओं व महिलाओं को विधायक व डीएम ने सम्मानित किया। उद्योग विभाग के लाभार्थियों को टूल किट दी गईं। मंच के पास बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देने वाली जिला समन्वयक फरहीन खान की रंगोली की सभी ने प्रशंसा की। जादूगर एनए पाशा ने जादू से प्रदेश की तरक्की की झलक दिखाई। सभी को नि:शुल्क साहित्य वितरित किया गया।
डीएम ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश की स्थापना हुई थी। उत्तर प्रदेश का देश की आजादी, गौरवशाली ऐतिहासिक एवं धार्मिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक धरोहर, राजनैतिक आदि में विशेष स्थान एवं योगदान रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य के रूप में स्थापित होने के बाद निरंतर विकास और उन्नति की ओर अग्रसर और देश के अग्रणी प्रदेशों में शामिल हुआ है। सभी से प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जनता में जागरूकता पैदा होगी और प्रदेश का इतिहास भी पता चलेगा।
सीडीओ केपी सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। कहा कि प्रदेश को सबसे आगे ले जाना असंभव नहीं है, क्योंकि प्रदेश में हर तरह के संसाधन उपलब्ध हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी केएम सिंह ने किया। इस दौरान एसडीएम विक्रमादित्य सिंह, जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र, संयुक्त आयुक्त उद्योग अमित वर्मा, सीएमओ डॉ. विजय सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. हरेेंद्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार आदि मौजूद रहे।
बिजनौर में इंदिरा बाल भवन में युवती को सम्मानित करते डीएम व विधायक।- फोटो : BIJNOR