टिड्डी दल से कार्बेट पार्क के हरे चारे को खतरा
कालागढ़। कार्बेट नेशनल पार्क को टिड्डी दल से खतरा है। कार्बेट पार्क प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए वेटनरी टीम से सलाह ले रहा है। वहीं गश्ती दलों को सतर्क किया गया है।
बिजनौर जनपद के अधिकारियों के टिड्डी दल को लेकर बरती जा रही सतर्कता के साथ ही कार्बेट पार्क प्रशासन भी इस आफत को लेकर परेशान है। पार्क के निदेशक राहुल ने बताया कि कार्बेट पार्क में न तो किसी प्रकार का छिड़काव कराया जा सकता है और इसका कोई विकल्प भी नजर नही आ रहा है। पार्क मे शाकाहारी जीवों के लिए हरा चारा इनका निशाना हो सकता है। हिरन, चीतल, हाथी, सांभर आदि जीव चारे पर ही निर्भर हैं। पार्क में जीवों के लिए चारा पर्याप्त है। ऐसे में जरूरी है कि इस आफत से निपटने का रास्ता खोजा जाए। इसके लिए वेटनरी टीम से विचार विमर्श किया जा रहा है। जनपद बिजनौर की सीमा से लगी कार्बेट पार्क की दक्षिणी सीमा के गश्ती दलों को सतर्क किया जा रहा है। यहीं से कार्बेट में टिड्डी दल का प्रवेश हो सकता है। हालांकि टिड्डी भी जीव है। पर यह यहां किसी अनुसूची में रखे नहीं गए हैं। यह समस्या बन सकते हैं।