कंपोजिट ग्रांट से चमकेंगे परिषदीय स्कूल
बिजनौर। जिले के परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को सजाने संवारने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। बीएसए महेश चंद ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को 15 जुलाई तक स्कूलों की रंगाई-पुताई व मरम्मत आदि के कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2019 व 20 में परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र संख्या के आधार पर कंपोजिट ग्रांट उपलब्ध कराई गई थी। कंपोजिट ग्रांट के तहत स्कूलों को 12000 से लेकर 100000 तक की धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खातों को भेजी गई थी। इस धनराशि से स्कूलों में लघु मरम्मत, विद्युतीकरण, स्कूलों की रंगाई-पुताई एवं ब्लैक बोर्ड उपलब्ध कराने आदि कार्य कराए जाने थे। मार्च में लॉकडाउन के चलते विद्यालयों को बंद कर दिया गया था। इस कारण अधिकांश स्कूलों में अभी तक कंपोजिट ग्रांट का उपयोग नहीं हो सका है। अब एक जुलाई से परिषदीय विद्यालय में शिक्षकों को भेजने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। बीएसए महेश चंद ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में भेजी गई कंपोजिट ग्रांट का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए ने बताया कि स्कूलों में भेजी गई कंपोजिट ग्रांट को एक से 15 जुलाई तक स्कूलों के आधे अधूरे कार्य को निश्चित रूप से पूरा कराना होगा। जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी स्कूलों पर नजर रखेंगे। जिन स्कूलों में कंपोजिट ग्रांट के माध्यम से कार्य पूरे नहीं कराए जाएंगे, ऐसे विद्यालयों के शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विद्यालय के प्रांगण की साफ-सफाई, शौचालय की मरम्मत व शौचालय की साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र के शिक्षकों को शासन के निर्देशों से अवगत करा दें। स्कूलों के आधे अधूरे कार्य को समय रहते पूरा कर लें।