धामपुर। साहूकारों के मकड़जाल में अब धामपुर के गांव किरारखेड़ी की विधवा महिला फंसी हुई है। महिला के पति ने जिंदा रहते हुए 40 हजार रुपये का कर्ज लिया था। 45 हजार चुकता भी कर दिया, मगर साहूकारों ने अभी आठ लाख का बकाया निकाल रखा है। साहूकार कर्ज न चुकाने पर मकान पर कब्जा करने की धमकी दे रहा है।
मामला थाना क्षेत्र के ग्राम किरारखेड़ी का है। गांव निवासी विधवा महिला नसरीन ने एएसपी पूर्वी से शिकायत की जिसमें बताया कि उसके पति मुकीम ने नजीबाबाद निवासी एक साहूकार से चालीस हजार रुपये उधार लिए थे। कर्ज देते वक्त उसके पति से एक कागज पर अंगूठा लगवा लिया था।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति ने ब्याज सहित कुल 45 हजार की रकम लौटा दी थी। आरोप है कि पति की मौत के बाद अब साहूकार आठ लाख बकाया होने की बात कहते हुए तकादा कर रहे हैं। रकम न चुकाने पर मकान पर कब्जा करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ 85 वर्ग गज भूमि में बने मकान में रह रही है।
इसके अलावा उसके पास कोई संपत्ति नहीं है। एएसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव का कहना है कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई जा रही है।आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।