गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग का हवाई क्षेत्र से मुआयना करते सीएम योगी आदित्यनाथ। स्रोत: वीडियो
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से गंगनहर पर कांवड़ यात्रा मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई कांवड़ यात्रा को अपवित्र करने की कोशिश करे, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ जिले के गांव हुर्रनंगला में पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सैनी की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी। गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से बिजनौर तक हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया और यात्रा की तैयारियों का जायज़ा लिया।
उन्होंने जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और शांति का पर्व है, जिसे किसी भी हाल में अशुद्ध करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि खानपान की चीजों में थूकने या किसी भी तरह की अशुद्धता फैलाने वालों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।
हर मोर्चे पर हाई अलर्ट
सीएम ने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर उच्च कोटि की सफाई, जल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रास्ते भर श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए जगह-जगह पंडाल, खानपान केंद्र, स्वच्छ पेयजल और विश्राम स्थल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।