शेरकोट। हाईटेंशन लाइन का फाल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। शटडाउन लेने के बाद भी अचानक लाइन चालू कर देने से हादसा होने का आरोप है। गुस्साए लोगों ने लाइनमैन के शव को हरेवली बिजलीघर पर रखकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव इनायतपुर निवासी कोमल (30) पिछले 10 सालों से संविदा लाइनमैन के रूप में हरेवली बिजलीघर पर तैनात था। सोमवार को कोमल ने बिजलीघर से शटडाउन लिया और साथी ऋषभ के साथ बिजली लाइन का फाल्ट ठीक करने चला गया।
हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़कर कोमल ने दो तार जोड़ दिए जबकि तीसरा तार जोड़ते हुए अचानक लाइन में करंट आ गया। उच्च क्षमता का करंट लगते ही कोमल झुलसकर नीचे आ गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को हरेवली बिजलीघर पर रखकर हंगामा किया।
उधर बताया गया कि कोमल समेत तीन लाइनमैन शटडाउन लेकर गए थे। दो ने लाइनों को ठीक करने के बाद शटडाउन वापस कर दिया। एसएसओ ने दो लाइनों के फीडर चालू करने के साथ साथ उस फीडर की भी बिजली आपूर्ति चालू कर दी, जिस लाइन पर कोमल काम कर रहा था।
मृतक के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। साथ ही मृतक परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और मुआवजा देने की मांग रखी। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। एसडीएम रितू रानी, एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मान मनौव्वल पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया कोमल : कोमल के चार बच्चे हैं। एक बेटे का जन्म एक महीना पहले ही हुआ था। चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं मृतक की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।
संविदा पर नौकरी और मिलेगा मुआवजा : धामपुर विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार गंगवार ने बताया कि मृतक लाइनमैन के परिवार के सदस्य को सरकार की प्रक्रिया के तहत संविदा पर नौकरी मिल जाएगी। वहीं जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई और निगम प्रक्रिया के अनुरूप करीब 7.5 लाख की आर्थिक सहायता कराने का प्रयास होगा।
हरेवली बिजली फीडर पर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझातीं एसडीएम रितू रानी। स्त्रोत ग्राम- फोटो : Sanvad
हरेवली बिजली फीडर पर घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझातीं एसडीएम रितू रानी। स्त्रोत ग्राम- फोटो : Sanvad