बिजनौर में बुधवार को हुई बारिश में छाता लगाकर जाती युवतियां।
- फोटो : BIJNOR
बूंदाबांदी से अस्त व्यस्त रहा जनजीवन, 35 एमएम बारिश दर्ज की गई
बिजनौर। जिले भर में बुधवार को पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही और बादल छाए रहे। जिसके कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। जिले में 35 एमएम बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों ने दो दिन और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। वहीं, पहाड़ों पर बारिश होने से गंगा का जलस्तर बढ़ गया है।
पिछले तीन-चार दिन से जिले में बादल छाए हुए थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। जिससे उमस बनी हुई थी। बुधवार सुबह घने बादल छाए और कुछ ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ देर तेज बारिश भी हुई। इसके बाद पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही। सूरज नहीं निकलने और बारिश होने से जिले वासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली। धान की फसल के लिए बारिश सबसे ज्यादा मुफीद बताई जा रही है। जिले में धान की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अभी एक दो दिन और अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
वहीं, पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से खादर में गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। मंगलवार को गंगा में एक लाख क्यूसेक पानी बह रहा था। पहाड़ों का पानी आने से गंगा का जलस्तर बढ़कर एक लाख 28 हजार क्यूसेक हो गया है। मध्य गंगा बैराज के जेई पीयूष कुमार ने बताया कि पहाड़ों पर बारिश का पानी गंगा में आ रहा है। गंगा के पानी से अभी कोई खतरा नहीं है। स्थिति एकदम सामान्य है।