संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला संयुक्त अस्पताल में वायरल लोड की जांच नहीं हो रही है। वजह जांच कीट का खत्म होना बताया गया है। जांच शुरू करने के लिए प्राचार्या डॉ. उर्मिला कार्या ने सीएमओ को डाटा ऑपरेटर की तैनाती और जांच किट के बजट के लिए पत्र भेजा है।
अमर उजाला में ‘वायरल लोड की जांच किट हुई खत्म, एक माह से रखे हैं सैंपल’ शीर्षक से 21 दिसंबर को खबर प्रकाशित हुई। वायरल लोड जांच नहीं होने से करीब 650 सैंपल लैब में रखे हुए हैं। अस्पताल में जांच किट खत्म हो गई है। डाटा ऑपरेटर नहीं होने से सैंपल मेरठ मेडिकल कॉलेज भी नहीं भेजे जा रहे हैं।
खबर छपने के बाद मेडिकल कॉलेज प्राचार्या डॉ. उर्मिला कार्या ने मामले का संज्ञान लिया।
बताया कि सीएमओ कार्यालय की ओर से लैब में डाटा ऑपरेटर तैनात था। कुछ माह पहले ऑपरेटर को वहां से हटा दिया गया। इसकी तैनाती के लिए सीएमओ को पत्र भेजा। साथ ही एएसएमसी बिजनौर के नाम से जांच किट के लिए शासन ने दो लाख रुपये का बजट भेजा है।
यह बजट सीएमओ पास आया है। बजट के लिए भी सीएमओ से कहा गया है। बजट और डाटा ऑपरेटर मिलते ही जांच शुरू हो जाएगी।