अफजलगढ़। बृहस्पतिवार रात धामपुर मार्ग स्थित एक ढाबे पर रुके ट्रक के केबिन में गुलदार घुस गया। खाना खाकर चालक ने जैसे ही ट्रक में सवार होने का प्रयास किया तो गुलदार ने उसके ऊपर छलांग लगा दी। किसी तरह चालक ने अपनी जान बचाई।
धामपुर से काशीपुर की ओर जा रहा ट्रक को चालक ने सीओ ऑफिस के सामने पंजाबी ढाबे पर खाना खाने के लिए रोक लिया। चालक खाना खाने के लिए ढाबे पर चला गया। इस दौरान ट्रक के केबिन का चालक सीट के पास का गेट खुला रह गया। इस दौरान एक गुलदार केबिन अंदर जा घुसा। दूसरी तरफ का गेट बंद होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। तभी ट्रक चालक खाना खाकर लौटा और उसने जैसे ही ट्रक में सवार होने की कोशिश की तो गुलदार ने उसके ऊपर छलांग लगा दी। चालक फुर्ती से गेट के एक ओर हट गया और शोर मचा दिया। इस पर आसपास मौजूद लोग एकत्र हुए तो गुलदार ने सड़क के डिवाइडर पर छलांग लगा दी ओर जंगल में भाग गया। क्षेत्र के ढाबा संचालक गोविंद सिंह, आयुष, राजीव, हरपाल, शरभ, परमजीत व रौनक आदि का कहना है कि जंगल में आसपास लगातार गुलदार नजर आ रहा है। गुलदार के दिखाई देने से लोगों में भय व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के अधिकारियों से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा का कहना है कि जल्द ही पिंजरा लगवाया जाएगा।