नहटौर। दो दिन पहले दो वर्षीय रोहित उर्फ मोहित पुत्र राजवीर की जान लेने वाला गुलदार अब भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। रविवार आधी रात गुलदार ने गांव मुस्सेपुर के छोर पर स्थित सोनू वाल्मीकि के बाड़े में घुसकर एक शूकर पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर गुलदार दीवार फांदकर भाग निकला। ड्रोन कैमरों से लगातार तलाश के बावजूद गुलदार के हाथ न आने से ग्रामीणों में दहशत है।
सोनू पुत्र कर्मचंद के मकान के सामने शुकरों का बाड़ा है। बाड़े में गुलदार के हमले का पता लगते ही सोनू और परिजन जाग गए। बाड़े की ओर शोर मचाते हुए बढ़े तो गुलदार दीवार फांदकर अंधेरे में भाग गया। सेक्शन अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि दो दिन अलग-अलग समय पर ड्रोन कैमरों से गुलदार की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया गया लेकिन कहीं पता नहीं लगा। दो पिंजरे लगाकर निगरानी बढ़ाई गई है़। गुलदार पकड़े जाने तक ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
मासूम की मौत के बाद लगातार गांव में मंडरा रहा खतरा : गुलदार के दोबारा गांव में घुसने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। दो दिन पहले ही वह घर की गैलरी में बहन के साथ सो रहे दो वर्षीय मासूम रोहित उर्फ मोहित को चारपाई से उठा ले गया था। बाद में गांव की सीमा पर उसका शव मिला था। घटना के बाद से वन विभाग की टीमें गुलदार की तलाश में जुटी हैं। ड्रोन कैमरों से खेतों और आसपास के जंगलों की निगरानी की जा रही है, लेकिन गुलदार लगातार टीम को चकमा दे रहा है। ग्रामीण बच्चों और पशुओं को लेकर खास सतर्कता बरत रहे हैं।