कोतवाली देहात। ककराला-महुआ मार्ग पर गुलदार ने अलग-अलग जगह एक युवती समेत दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। गुलदार के लगातार दिखाई देने और हमले से ग्रामीणों में दहशत है।
ग्राम महुआ निवासी वंशिका पुत्री पप्पू रविवार देर शाम महेश्वरी जट से मेला देखकर अपने गांव लौट रही थी। ककराला-महुआ मार्ग पर गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार ने उसके पैरों पर पंजा मारकर उसे घायल कर दिया। वंशिका के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया।
कुछ देर बाद इसी मार्ग पर ग्राम महमूदपुर जगमल निवासी काले पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। लगातार दो लोगों पर हमले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर सोमवार को वन विभाग की टीम महुआ गांव पहुंची। टीम ने घायल वंशिका का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर में उपचार कराया। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि इस मामले का पता कराया जा रहा है। जहां गुलदार दिखा है, वहां पिंजरा लगवाया जाएगा।