नहटौर। क्षेत्र के गांव पाली जट निवासी भाकियू (तोमर) के ब्लॉक महासचिव रिंकू सिंह बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे अपने दोस्त फैसल पुत्र संसार शेख निवासी फरीदपुर के साथ बाइक से पाली जट से फरीदपुर जा रहे थे। इसी दौरान फरीदपुर गांव से लगभग 100 मीटर पहले रामकुमार के गेहूं के खेत से अचानक निकले गुलदार ने उनकी बाइक पर झपट्टा मार दिया।
अचानक हुए हमले से घबराकर दोनों ने शोर मचाया, जिस पर गुलदार पास के ईख के खेत में भाग गया। घटना में रिंकू सिंह के हाथ पर गुलदार के पंजे से खरोंच आई, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। ग्रामीण गोपीचंद, नईम खान, मोईन खान, नौशाद अंसारी, प्रमोद कुमार और ब्रजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार गुलदार देखे जाने से दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है।