नजीबाबाद में विधिक साक्षरता शिविर में बोलते तहसीलदार राधेश्याम शर्मा।
- फोटो : NAZIBABAD
विधिक साक्षरता प्रशिक्षण शिविर आयोजित
नजीबाबाद। विधिक साक्षरता प्राधिकरण की ओर से आयोजित शिविर में वादकारियों को सुलभ न्याय के लिए प्राधिकरण के माध्यम से वाद सुलझाने की सलाह दी गई।
आचार्य आरएन केला इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता प्राधिकरण बिजनौर की ओर से आयोजित शिविर में मुख्य वक्ता तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने जनता से अपने मूल अधिकारों के हनन को रोकने के लिए न्याय के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। तहसीलदार ने कहा कि विधिक साक्षरता प्राधिकरण जनता को निशुल्क न्याय दिलाने के लिए सदैव तत्पर रहा है। उन्होंने आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों से विधिक साक्षरता प्राधिकरण से संपर्क कर अपने विभिन्न वादों का निस्तारण कराने की सलाह दी।
नायब तहसीलदार राजीव यादव ने भी उपस्थित लोगों को विधिक साक्षरता प्राधिकरण की न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में आचार्य आरएन केला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. भूपेंद्र सिंह, शहर लेखपाल अशोक शर्मा, सचिन कुमार सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।