धामपुर में नगीना हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास बाइक और साइकिल की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे में घायल होने के बाद एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची। इसे लेकर परिजनों में काफी रोष रहा। उनका कहना है कि यदि समय से चिकित्सा मिलती तो शायद जिंदगी बच सकती थी।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मिलक जहांगीरबाद निवासी 45 वर्षीय रामदास साइकिल से धामपुर किसी काम से आ रहा था। सड़क पार करते समय सामने से तेज गति से आ रही बाइक और साइकिल में टक्कर हो गई। इससे हाईवे पर सिर के बल गिरने से रामदास गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने 108 एंबुलेंस सेवा की मदद चाही। मगर लोगों का कहना है कि एंबुलेंस घटना के करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची। इसके बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया। तब तक रामदास के शरीर से काफी खून बह चुका था। उपचार के दौरान रामदास को मृत घोषित कर दिया गया।लोगों का कहना था कि यदि एंबुलेंस और पुलिस जल्दी पहुंचती तो शायद रामदास की जान बच सकती थी।
उधर, एंबुलेंस के लेट पहुंचने पर इसके संचालक ने इतना ही कहा कि सूचना मिलने के 15-20 मिनट में ही वाहन मौके पर पहुंच गया था।