नगीना /बिजनौर। जिले में अवैध खनन की शिकायत के बाद डीएम द्वारा कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर नगीना देहात क्षेत्र में सुंदरवाली में संचालित खनन पट्टा के निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार थाना नगीना क्षेत्र में ग्राम सुंदर वाली में संचालित खनन पट्टा पांच मार्च से आवंटित है। जांच में यह बात सामने आई है कि इनके द्वारा अपने सीमांकन से अधिक खनन किया जा रहा था। पूर्व में भी इनके द्वारा 2001 घन मीटर अधिक खनन किए जाने की रिपोर्ट आई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने परमिट धारक द्वारा अवैध खनन किए जाने पर पट्टा निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उधर, टीम द्वारा उपखनिजों से लदे दो डंपर ओवरलोडिंग में अवैध परिवहन करते पकड़े गए। थाना नहटौर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत के बाद मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया। थाना स्योहारा के ग्राम लांबाखेड़ा में थाना कांठ से परमिशन पर मिट्टी लाकर बिना अनुमोदित कॉलोनी में डाले जाने का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। रायपुर सादात के निकट अवैध परिवहन/ओवलोडिंग में संलिप्त पांच वाहनों का चालान काटा गया।