बिजनौर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को अंतिम मौका दिया गया है। प्रवेश सत्र अगस्त-2026 के तहत जिले के राजकीय आईटीआई में रिक्त सीटों पर 18 और 19 अक्तूबर को वॉक-इन प्रक्रिया से प्रवेश लिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को 19 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक संबंधित संस्थान में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद कोई प्रवेश मान्य नहीं होगा।
राजकीय आईटीआई बिजनौर के नोडल प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर यह प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। जिले के राजकीय आईटीआई के साथ 22 निजी आईटीआई संस्थानों में कुल 5272 सीटों पर प्रवेश चल रहे हैं। मंजुल मयंक ने बताया कि राजकीय आईटीआई बिजनौर, नगीना, नजीबाबाद, नहटौर (हल्दौर), धामपुर और अफजलगढ़ में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।
इच्छुक पूर्व पंजीकृत और नए अभ्यर्थी एससीवीटी की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों सहित संबंधित संस्थान में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। मंजुल मयंक ने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक दस्तावेज के साथ संस्थान पहुंचें। यह प्रवेश का अंतिम अवसर है, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।