नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर में दुकान में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी।
- फोटो : BIJNOR
आग से दुकान में लाखों का सामान जला
नूरपुर। नगर के मछली बाजार में बुधवार रात शार्ट सर्किट होने से एक दुकान में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखा करीब आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी सलमान की मछली बाजार में कान्फेक्शनरी की दुकान है। बुधवार रात दुकान में बिजली का शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। दुकान से आग की लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसियों ने दुकान स्वामी व पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिसकर्मी जयदेव सिंह यादव, विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी। मौके पर मौजूद पुलिस व आसपास के लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और पड़ोस के मकानों में रहने बाले लोग अपना घर खाली कर बाहर निकल आए। करीब एक घंटे बाद फ़ायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तीन घंटे कड़ी मसक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। आग के कारण बिल्डिंग में दरार आ गई और दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।