स्योहारा। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलादीनपुर में ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर लाखों रुपये के कोरे बिल अपलोड कर भुगतान कर दिया गया है।
सात जनवरी 2025 को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर तीन कोरे बिल अपलोड कर पानी की टंकी से नवाब के घर तक मिट्टी भराव कार्य के नाम पर एक लाख 20 हजार 943 रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद चौथी बार भी उसी जगह मिट्टी भराव के नाम पर कोरा बिल अपलोड कर 1.64 लाख रुपये और निकाले गए। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी कार्य न के बराबर ही हुआ है।
बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर को मिट्टी भराव का भुगतान
मिट्टी भराव के नाम पर निकाली गई सारी रकम केवल एक ही बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर और कांट्रेक्टर के खाते में डाली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधि और सचिव की मिलीभगत से यह गड़बड़ी की गई है। वर्ष 2024-25 के इन भुगतानों में बडे हेरफेर की आशंका है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
जहां मिट्टी भराव का कार्य कराया गया है, वहां तालाब बना हुआ था। मिट्टी भराव कराकर उसमें आरआरसी सेंटर भी बनाया गया है। कई फिट भराव हुआ है। बिल फीड कराने का कार्य पंचायत सचिव का है। उन्होंने किस का बिल व कौन सा बिल लगाया है, मुझे जानकारी नहीं है। मिट्टी भराव में कोई भी गड़बड़ी नहीं की गई है।
- मोहम्मद सहजाद अंसारी, ग्राम प्रधान
सभी पंचायतों में दिखवाया जा रहा है कि ई ग्राम स्वराज पोर्टल पर पूरे बिल डालें। जहां-जहां कोरे कागज डाले गए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है। -पूर्ण बोरा, सीडीओ, बिजनौर
स्योहारा में अलादीनपुर ग्राम पंचायत का ई-ग्रामस्वराज पोर्टल पर डाला गया कोरा बिल। स्रोत पाेर्टल- फोटो : संवाद