बिजनौर। मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर बिजनौर और गंगा बैराज के बीच बाइक फिसलकर गिरने से फिजियोथेरेपिस्ट अजय राजपूत की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार की रात हुआ। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
बिजनौर की सिविल लाइन सेकेंड के रहने वाले अजय राजपूत (35) पुत्र रामकिशन का जजी रोड पर कृष्णा प्लाजा के पास फिजियोथेरेपी का क्लीनिक है। शनिवार की शाम अजय राजपूत कान्हा होटल में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अजय अपनी बुलेट बाइक से बिजनौर बैराज की तरफ निकल पड़े। रास्ते में बंगाली कॉलोनी के पास उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। जिसमें अजय राजपूत के सिर में गंभीर चोट लगी। राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार वालों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
चार साल पहले भी हुआ था हादसा : बिजनौर बैराज मार्ग पर ही अजय राजपूत चार साल पहले भी हादसे का शिकार हो गए थे। उस वक्त उनकी कार की किसी वाहन से टक्कर हो गई थी। हालांकि उस वक्त समय से इलाज मिला तो अजय राजपूत की जान बच गई थी।