बिजनौर में गांवों को साफ सुथरा रखने के लिए अधिकारी ग्रामवासियों के साथ श्रमदान करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने स्वच्छता पखवाड़े में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। दीपावली पर्व को स्वच्छता पर्व के रूप में मनाएंगे। दीपावली की पूर्व संध्या पर गांव गांव तालाब के किनारे स्वच्छता दीपदान कार्यक्रम होगा।
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार स्वच्छता अभियान को धार देने के लिए स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। अभियान दीपावली पर्व तक चलेगा। इसके अंतर्गत गांवों में स्वच्छता स्पेशल कैंपेन चलेगा। गांववार अधिकारी नियुक्त होंगे। अधिकारी पखवाड़े में दो दिन गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे। रात को चौपाल सजेंगी। इसमें ग्रामीणों को ओडीएफ तथा स्वच्छता समेत शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों के सुझावों को संग्रहीत करके उन्हें स्वच्छता अभियान मेंशामिल किया जाएगा।
अधिकारी रोजाना ग्रामवासियों को साथ लेकर श्रमदान करेंगे। मोहल्लों में पड़े कूड़ा करकट का निस्तारण किया जाएगा। तालाबों की सफाई होगी। नालियों में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव होगा। अधिकारी ग्रामीणों को साथ लेकर दीपावली की पूर्व संध्या पर तालाबों के किनारे स्वच्छता दीप जलाएंगे। इससे गांवों को स्वच्छ रखने और स्वयं को भी स्वच्छ रखने का संदेश गांव-गांव जाएगा। कार्यक्रम के क्रियान्वयन पर निगरानी के लिए जिला स्तरीय टीम गठित कर दी गई है।