बिजनौर। जिला प्रशासन की ओर से कोविड-19 की जांच के लिए बनाए गए कोविड सैंपल कलेक्शन सेंटर को बीएड प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाया गया। अफसरों के अनुसार दो दिन के लिए यहां पर कोरोना सैंपल कलेक्शन का काम रोककर सैनिटाइज कराकर बीएड प्रवेश परीक्षा केंद्र बना दिया गया।
शासन के निर्देश पर वर्धमान कॉलेज को जिला प्रशासन ने एल-1 अटैच फैसिलिटीयुक्त 100 बैड के कोविड केयर सेंटर के लिए आरक्षित किया गया है। वर्तमान में वहां पर कोरोना की जांच के लिए स्क्रीनिंग सेंटर बना हुआ है। अब वर्धमान कॉलेज को बीएड प्रवेश परीक्षा का सेंटर बना दिया गया। दो दिन पहले तक भी यहां कोविड-19 की जांच के लिए सैंपल लिए जाते रहे। हालांकि प्रशासन ने दो दिन से यहां पर सैंपल कलक्शन का काम रोककर सैनिटाइज कराकर बीएड परीक्षा केंद्र बनाया गया। इसके बावजूद परीक्षार्थियों में इसे लेकर आशंका देखी गई। रविवार को वर्धमान कालेज बिजनौर में दो पालियों में बीएड की प्रवेश परीक्षा हुई। विभागीय जानकारी के मुताबिक वर्धमान कॉलेज को लगभग एक हजार परीक्षार्थियों के लिए बीएड प्रवेश परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। रोजाना यहां बड़ी संख्या में संदिग्ध मरीजों की जांच कर उनके सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए भेजे जाते थे। जांच में कईं कोरोना पॉजिटिव भी निकल चुके हैं। ऐसे में संक्रमण की दृष्टि से यहां पर परीक्षा केंद्र बनाया जाना उचित नहीं था। इसके बावजूद इसे परीक्षा केंद्र बनाया गया। कोरोना सैंपल के नोडल अधिकारी डा. बीएस रावत ने बताया कि वर्धमान कॉलेज में कोविड-19 की जांच के लिए सैंपल लेकर जांच को भेजने का काम किया जाता है, लेकिन परीक्षा केंद्र बनाने के कारण शनिवार और रविवार को यहां पर सैंपल लेने का काम नहीं किया गया। हालांकि इससे पूर्व वर्धमान कॉलेज को सैनिटाइज कराया गया था।