जमालपुर पठानी में कोविड केयर सेंटर खुला
बिजनौर। यशपाल सिंह आर्य सरस्वती विद्या मंदिर जमालपुर पठानी में 20 बेड का ऑक्सीजनयुक्त सेवा कोविड केयर सेंटर शुरू हो गया। इस अस्पताल का संचालन सेवा भारती करेगी, जबकि इसमें भर्ती होने वाले सभी मरीजों की दवाइयों से लेकर नाश्ते और खाने आदि का सारा खर्च दुबई में रहने वाला नहटौर वासी परिवार उठाएगा। शुरुआत में तीन माह तक यह अस्पताल चलाया जाएगा।
मंगलवार को ग्राम जमालपुर पठानी स्थित यशपाल सिंह आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में कोविड केयर सेंटर शुरूहो गया। इसका शुभारंभ पंडित विनोद गोस्वामी ने कराया। इसमें 20 बेड के साथ ही दुबई से आई आठ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें भी स्थापित की गई हैं। वर्तमान में फैल रही कोविड महामारी की सेवा और उनकी सहायता करने के लिए दुबई एक्सटेंडेड फैमिली ने बीड़ा उठाया है। नहटौर इलाके के गांव मुस्सेपुर पाली निवासी बिजेंद्र सिंह पिछले कई वर्षों से सपरिवार दुबई में रहते हैं। इसके बाद भी भारत की माटी से उनका प्रेम कम नहीं हुआ और वे इस मुश्किल घड़ी में जिलेवासियों सेवा के लिए आगे आए।
इसके लिए उन्होंने अपने मित्र द्वारिकेश चीनी मिल बुंदकी में कंप्लायंस ऑफिसर के पद पर कार्यरत नजीबाबाद के मोहल्ला संतोमालन निवासी सलिल आर्य और सेवा भारती की मदद से कार्य शुरू कराया। सलिल आर्य ने बताया कि फिलहाल यह अस्पताल तीन महीने तक चलाएंगे। इस अस्पताल में डॉ. बीरबल सिंह, डॉ. प्रकाश के अलावा वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. कपिल कुमार शर्मा होम्योपैथिक औषधियों के माध्यम से इलाज करेंगे। इसके अलावा चार वार्ड ब्वाय, सफाईकर्मी, सुरक्षा कर्मी, रसोइया की नियुक्ति कर दी गई है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नगर कार्यवाहक डॉ. राघव मेहरा ने बताया कि कम गंभीर 90 के आसपास ऑक्सीजन स्तर वाले मरीजों को ही भर्ती किया जाएगा।
ये स्वयंसेवक देंगे सेवाएं
नगर की एक बस्ती के 14 स्वयंसेवक विकास लाटियान, डॉ. राघव मेहरा, दीपक चौहान, रोहित कुमार, मयंक मयूर, प्रशांत महर्षि, जितेंद्र चौधरी, अनिल चौधरी, विहिप के जिला कार्यकारी अध्यक्ष मनोज शर्मा सहित 14 स्वयं सेवक सेवा कोविड सेंटर में अपनी सेवाएं देंगे।