नजीबाबाद। कोटद्वार से आनंद विहार टर्मिनल के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन को गाजियाबाद में ठहराव देने की क्षेत्रवासियों ने मांग की है। ट्रेन के संचालन के समय में परिवर्तन की भी मांग उठाई है।
क्षेत्रीय कारोबारियों एवं नागरिकों ने रेल महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कोटद्वार से आनंद विहार टर्मिनल के बीच संचालित ट्रेन संख्या 14089 और 14090 को गाजियाबाद में पांच मिनट का ठहराव दिए जाने की मांग की है। ग्राम पंचायत बाकरपुर के प्रधान ओजेश राजपूत का कहना है कि आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन कोटद्वार से चलकर नजीबाबाद, लक्सर, रुड़की, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ होते हुए गाजियाबाद में रुके बिना आनंद विहार पहुंचती है। उन्होंने यात्री हित में ट्रेन को गाजियाबाद में ठहराव देने की मांग की।
चिकित्सक एसके जौहर ने आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन को क्षेत्र के कारोबारियों और यात्रियों की सुविधा के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर पांच मिनट का ठहराव देने और ट्रेन के समय में परिवर्तन की मांग की है।
गांव रघुनाथपुर निवासी शिक्षक आलोक त्यागी ने यात्री हित में ट्रेन का समय दिन में किए जाने की मांग की है उनका कहना है कोटद्वार से रात्रि 9:50 बजे चलकर सवेरे 4:30 बजे ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल पहुंचती है। उधर रात्रि 9:45 बजे कोटद्वार के लिए रवाना होकर नजीबाबाद स्टेशन पर देर रात 2:45 बजे पहुंचकर तड़के 3:55 बजे कोटद्वार पहुंचती है। ट्रेन के सभी ठहराव से देर रात गुजरती है जिससे यात्रियों को परेशानी होती है।
उधर एएम एजुकेशन वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष आसिफ अली मुक्तकी ने ट्रेन को गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव देने के साथ ट्रेन को यात्री हित में जयपुर तक संचालित किए जाने की मांग की है। उधर स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने ट्रेन का गाजियाबाद में ठहराव दिए जाने और समय परिवर्तन की मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया।