संक्रमित मरीजों से व्यवस्थाओं की हकीकत जानी
नजीबाबाद/किरतपुर (बिजनौर)। शासन से आए नोडल अधिकारी संजय कुमार और योगेश कुमार ने नजीबाबाद तहसील के कोविड अस्पताल और क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओें की हकीकत जानी। उधर, किरतपुर में निगरानी समिति की बैठक में कोविड संक्रमण रोकने के लिए सामूहिक प्रयास और संक्रमित मरीजों से सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी संजय कुमार ने बिजनौर के नामित नोडल अधिकारी योगेश कुमार के साथ बुधवार को नजीबाबाद तहसील के कोविड केंद्रों का निरीक्षण किया। समीपुर स्थित सीएचसी कोविड केंद्र पर नोडल अधिकारी ने कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमित मरीजों और तीमारदारों से चिकित्सा सुविधा की जानकारी की। सीडीओ केपी सिंह, सीएमओ वीके गोयल, एसीएमओ डॉ. एसके निगम, एसडीएम परमानंद झा, सीओ गजेंद्र पाल सिंह की उपस्थिति में नोडल अधिकारियों ने सीएचसी प्रभारी डॉ. अजीत सिंह से कोविड मरीजों का इलाज, ऑक्सीजन और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी की। नोडल अधिकारी ने 30 बेड के अस्पताल में मात्र नौ संक्रमित मरीजों के भर्ती होने पर चिंता जताई।
इससे पूर्व, नोडल अधिकारी संजय कुमार और योगेश कुमार ने किरतपुर में एएएमपीएस स्कूल में निगरानी समिति की बैठक ली। उन्होंने कोविड अस्पताल और क्वारंटीन केंद्रों में रह रहे संक्रमितों के उपचार, खान-पान और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
45 वर्ष से अधिक के सभी को कराएं वैक्सीनेशन
किरतपुर। नोडल अधिकारी ने किरतपुर के गांव शाहपुर सुक्खा का निरीक्षण कर वैक्सीनेशन की समीक्षा की। उन्होंने रैपिड रस्पोंस टीम से वैक्सीनेशन के संबंध में सर्वे कराने और 45 वर्ष से अधिक के सभी क्षेत्रवासियों से टीकाकरण कराने को कहा।
ऑक्सीजन कम होने पर कराएं भर्ती
नजीबाबाद। शासन से आए नोडल अधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को होम क्वारंटीन में रह रहे संक्रमित मरीजों पर पैनी निगाह रखने और ऑक्सीजन लेवल 90 से कम होने पर तत्काल उन्हें कोविड अस्पताल और क्वारंटीन केंद्रों पर पहुंचाकर उपचार दिलाने के निर्देश दिए।
एसडीएम और सीओ ने क्वारंटीन केंद्रों का किया निरीक्षण
नजीबाबाद। एसडीएम और सीओ ने नजीबाबाद में कोविड मरीजों के लिए बनाए गए साहनपुर और नजीबाबाद क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम परमानंद झा, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बुधवार को नगर पंचायत साहनपुर के मोहल्ला ऊंटवान स्थित बरातघर में बनाए गए 15 बेड के क्वारंटीन केंद्र का निरीक्षण किया। एसडीएम ने क्वारंटीन केंद्र को सैनिटाइज रखने, कोविड मरीजों की ठहरने और खाने पीने के संबंध में केंद्र के उपस्थित कर्मचारियों से जानकारी की। एसडीएम और सीओ ने प्रशासन के सहयोग से समाजसेवी हाजी दिलशाद अहमद और नौशाद अख्तर के सहयोग से बनाए गए कासमियां इंटर कॉलेज के 30 बेड के क्वारंटीन केंद्र का निरीक्षण किया।