किशोर बोल रहे पापा हमें भी टीका लगवाना है...
बिजनौर। कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर बड़े ही नहीं बल्कि किशोर भी जागरूक हो रहे हैं। बिना किसी भय के वैक्सीनेशन सेंटर पर कोरोनारोधी टीका लगवाने अपने माता-पिता के साथ आ रहे हैं। घर पर अपने माता-पिता से कह भी रहे हैं कि हमे भी टीका लगवाना है, वैक्सीनेशन सेंटर पर ले चलो। वैक्सीन लगवाते हुए किशोर के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दे रही है। जो बता रही है कि बच्चों में वैक्सीनेशन को लेकर उत्साह भरा हुआ है।
स्कूलों में हो रही परीक्षा का असर किशोरों के वैक्सीनेशन पर पड़ रहा है। क्योंकि कम ही 12 से 14 साल तक की उम्र के किशोर परीक्षा की वजह से वैक्सीन लगवा रहे हैं। जिले में 16 मार्च से अभी तक कुल 800 किशोरों ने वैक्सीन लगवाई है। हालांकि जो भी कोरोनारोधी टीका लगवाने वैक्सीनेंशन सेंटर पर पहुंच रहे हैं। उनमें कोरोना वैक्सीन को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चों के साथ आ रहे माता-पिता बता रहे हैं कि जब 15 से 18 उम्र तक के किशोरों का वैक्सीनेशन शुरू हुआ था तो ये पूछ रहे थे कि क्या हमें भी वैक्सीन लग सकती है। आप इसी से अंदाजा लगा सकते हैं कि बच्चे किस तरह कोरोना वैक्सीन को लेकर जागरूक हैं।
वैक्सीन से होगा बचाव : सार्थक
सार्थक मिश्रा ने बताया कि वह एमडी इंटरनेशनल स्कूल बिजनौर में कक्षा 8वीं का छात्र है। कोरोना वैक्सीन को लेकर हमें किसी तरह का कोई भय नहीं है। वैक्सीन कोरोना से हमारा बचाव करेगी।
वैक्सीन को लेकर कोई डर नहीं : कावाक्ष
कावाक्ष ने कहा कि वह न्यूवर्सल एकेडमी स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ता है। वैक्सीन को लेकर उसके मन कोई डर नहीं है। कोरोना की लहर की वजह से वह वैक्सीन को लेकर पहले से ही जागरूक हैं।
वैक्सीन को लेकर पहले से ही उत्साहित: मैत्री
मैत्री जैन ने बताया कि वह सेंट मैरी स्कूल में 9वीं की छात्रा है। कोरोना वैक्सीन को लेकर वह पहले से ही उत्साहित है। क्योंकि वैक्सीन से कोरोना का मात दी जा सकती है। सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए।
पूरे परिवार ने लगवा ली वैक्सीन : विक्रमादित्य
विक्रमादित्य मिश्रा ने बताया कि हमारे पूरे परिवार ने कोरोना वैक्सीन लगवा ली है। घर में एक छोटा बच्चा है, जैसे ही छोटी उम्र वाले बच्चों के लिए वैक्सीन लगनी शुरू होती है, उसे भी लगवा लेंगे। वैक्सीन ही कोरोना से बचाव का एकमात्र सहारा है।
वैक्सीन से ही होगी कोरोना की रोकथाम : मोनिका
मोनिका ने बताया कि घर में सभी ने कोरोनारोधी टीका लगवा लिया है। 12 से 14 साल तक के बच्चों का टीकाकरण शुरू होने पर 13 वर्षीय बेटे को भी वैक्सीन लगवा दी है। टीकाकरण से ही कोरोना की रोकथाम की जा सकती है।
वैक्सीन सभी के लिए जरूरी : दीपक
दीपक जैन ने कहा कि सभी कोरोना वैक्सीन को लेकर जागरूक हैं। मेरी बेटी काफी दिनों से कोरोना वैक्सीन लगवाने को कह रही थी। जिसके चलते आज 12 से 14 उम्र तक लगने वाली वैक्सीन लगवाने आया हूं। वैक्सीन सभी के लिए जरूरी है।
----------
वैक्सीनेशन कराने वाले किशोरों में खुशी
फोटो - 26एनजेडबी01ए से 01सी तक
नजीबाबाद। जहां एक ओर किशोरों में उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं कुछ जगहों पर अभिभावकों की उदासीनता भी सामने आ रही है। इसे लेकर स्वास्थ्यकर्मी भी चिंतित नजर आ रहे हैं। रोजाना कम ही किशोर सेंटर पर वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे हैं।
डीपीएस रानीपुर के कक्षा सात के छात्र सिद्धांत सिंह ने शनिवार को वैक्सीनेशन कराया। सिद्धांत का कहना है कि सभी बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से वैक्सीनेशन कराना चाहिए। अभिभावक शैलेंद्र पाल का कहना है कि 12 वर्ष से 14 वर्ष आयु के बच्चों को वैक्सीनेशन कराने का अभियान सरकार का सही कदम है। सोमवार को वैक्सीनेशन कराने आईं आदर्शनगर निवासी वैष्णवी सक्सेना, कोटद्वार रोड निवासी आकृति गुप्ता और कौशल्या विहार निवासी अनन्या, आनंद और अभिभावकों में वैक्सीनेशन के प्रति उत्साह था। छात्राओं ने कहा कि सामाजिक दूरी का पालन करने के बावजूद वैक्सीन उन्हें सुरक्षा प्रदान करेगी।