रविवार को सायंकाल नजीबाबाद के जाब्तागंज में कौसर का शव आने पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में विवाह समारोह में जा रहे चार व्यक्तियों की हादसे में मौत होने से जाब्तागंज क्षेत्र में मातम छा गया। क्षेत्र के नामी बाबू बैंड परिवार के छह लोग श्रीनगर विवाह समारोह में जा रहे थे। टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें चार की मौत हो गई।
नजीबाबाद के मोहल्ला जाब्तागंज निवासी प्रतिष्ठित बाबू बैंड परिवार के छह लोग नौशाद, राशिद, कौसर अली, सोनू, नाजिम और नवाब वैगनआर कार से नजीबाबाद से श्रीनगर जा रहे थे। सोनू कार चला रहा था। शनिवार रात पौड़ी मार्ग पर खंडास श्रीकोट के पास रात करीब नौ बजे कार का एक टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
बताया जाता है कि राशिद कार गिरने से पहले गाड़ी से बाहर कूद गया। हादसे की खबर राशिद ने परिजनों को दी। हादसे में डबल फाटक के निकट चांद होटल के सामने काम करने वाले बैट्री कारोबारी नौशाद (40), जाब्तागंज निवासी नाजिम (35), शादीपुर बरूकी निवासी नवाब (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि जाब्तागंज निवासी कौसर अली (32) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को देहरादून में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सभी एक ही रिश्तेदारी में थे। एक ही खानदान के चार लोगों की मौत से जाब्तागंज और नगर में शोक छा गया।
शाम को कौसर का शव आते ही मोहल्ले में चीख पुकार मच गई परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। लोगों ने उनके घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को ढांढस बंंधाया।
गायक की मौत पर मातम
बरूकी में जिले के प्रसिद्ध गायक व गंगा जमुनी तहजीब के संवाहक नवाब अली कादरी की मौत पर उनके प्रशंसकों ने दुख जताया है। नवाब अली कादरी भारतीय संस्कृति की गंगा जमुनी तहजीब के संवाहक थे। जिले व दूसरे राज्यों में होने वाले जागरण तथा भजन संध्या कार्यक्रम में वे अपनी मखमली आवाज से समा बांध देते थे। उन्हें जागरण या अन्य धार्मिक आयोजनों में भगवान की स्तुति करने से गुरेज नहीं था। उन्होंने अपनी आवाज से सभी को प्रभावित किया था। मॉलीवुड स्टार उत्तर कुमार तथा शेखचिल्ली की भूमिका निभाने वाले हरिराम तूफान भी नवाब अली कादरी को सम्मानित कर चुके थे। कादरी की मौत की सैकड़ों क्षेत्रवासी पहुंचे।