बिजनौर। जिले में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोबिन चौधरी की शिकायत के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत पर खालिद, तालिब, आबिद पुत्र ताहिर की चौतरफा घेराबंदी चल रही है। सभी विभाग अपने स्तर से जांच कर रहे हैं। इसी बीच बृहस्पतिवार को जीएसटी विभाग की टीम ने प्लाईवुड फर्म पर छापेमारी की।
जीएसटी विभाग विशेष अनुसंधान शाखा संयुक्त आयुक्त प्रीति शर्मा के निर्देशन में टीम ने खालिद, तालिब, आबिद पुत्र ताहिर की गंज रोड स्थित दो फर्मों पर छापेमारी की। उपायुक्त पुष्पेश सिंह ने बताया कि जांच में नेशनल वुड प्रोडक्ट फर्म बंद मिली। इसका पंजीयन भी पहले से रद्द पाया गया। दूसरी फर्म सुपर बोर्ड इंडस्ट्रीज गंज रोड बिजनौर में जांच के दौरान कोई निर्माण कार्य होता नहीं मिला। फैक्टरी जांच पर वर्तमान में बंद पा गई। लेकिन, फैक्टरी स्थल प्लाईवुड का स्टॉक मिला, जिसकी बिक्री होती पाई गई। जीएसटी टीम द्वारा स्टॉक का व्यापारी ने अभिलेखों से पूर्ण सत्यापन नहीं कराया। जांच में आठ लाख रुपये के माल की बिक्री का रिकॉर्ड लेखा पुस्तिका में नहीं मिला। इस मौके पर सहायक आयुक्त प्रवीण वर्मा, राज्य कर अधिकारी भूषण, संदीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, वन विभाग, पुलिस, खनन विभाग भी कार्रवाई कर रहा है।