करंट ने दो युवकों की जान ली
नांगलसोती(बिजनौर)। तिसोतरा बिजलीघर से जुड़े कामजराजपुर फीडर की हाईटेंशन विद्युत लाइन शुक्रवार देर रात टूटने पर आसपास के घरों में करंट दौड़ गया। दो युवकों की करंट से मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। एक मृतक के भाई की ओर से विद्युत निगम के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। नांगल-चंदक मार्ग पर सबलपुर बीतरा तिराहे के पास शुक्रवार देर रात यह हादसा हुआ।
हाईटेंशन लाइन टूटने के बाद करंट फैलने पर एक मकान की छत पर सो रहे सबलपुर बीतरा निवासी किसान सत्यवीर सिंह (42) और एक ढाबे का चौकीदार थाना मंडावर के गांव चांदपुर निवासी मुकेश कुमार (40) की मौत हो गई। इसके अलावा एक शराब की दुकान पर तैनात सेल्समैन चंद्रपाल एवं सबल बीतरा तिराहा क्षेत्र में रह रही महिला ममता करंट लगने से झुलस गए।
इस घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, झुलसे लोगों का आनन-फानन में उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सत्यवीर सिंह के भाई राममेहर सिंह की ओर से विद्युत निगम के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। परिजनों की ओर से रोष जताया गया कि निगम की लापरवाही की वजह से हाईटेंशन लाइन टूटने से जान चली गई।