जूते-चप्पल उठाकर कीचड़ से गुजर रहे कांवड़िये
धामपुर। प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा की व्यवस्था पूरी कराए जाने की पोल एक ही बारिश ने खोल दी है। बारिश के कारण गांव करनावाला-नंदगांव से होकर शेरकोट को जाने वाला करीब छह किमी लंबा कच्चा मार्ग बारिश का पानी जमा होने से बदहाल हो गया। मार्ग में जबरदस्त कीचड़ जमा है। कांवड़ियों को अपने जूते, चप्पल हाथ में लेकर जलभराव और कीचड़ से होकर गुजरने को विवश होना पड़ रहा है। भारतीय किसान संघ ने रोष जताते हुए कांवड़ियों के लिए मार्ग बदलने की मांग की है।
शुक्रवार की रात भारी बारिश होने से करनावाला-नंदगांव कच्चा मार्ग तालाब में बदल गया। जिसके कारण शिवभक्तों को कीचड़युक्त मार्ग से होकर गंतव्यों की ओर जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। कीचड़ के कारण कई शिवभक्त कांवड़ लेकर गिर गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से हर साल पांच लाख से ज्यादा शिवभक्त गंतव्य की ओर से जाते है।
भारतीय किसान संघ के जिला युवा प्रमुख निपेंद्र कुमार, नितिन चौहान, गोपी सिंह, मनोज कुमार, कल्याण सिंह, प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार का कहना है कि महाशिवरात्रि पर शिवभक्त हरिद्वार से जब कांवड़ लेकर गंतव्यों की ओर जाते हैं। तो वह नगीना से धामपुर होकर नहीं जाते, बल्कि नगीना से ही मुख्य मार्ग को बदल कर करनावाला- नंदगांव कच्चे मार्ग होकर जाते हैं। यह मार्ग शिवभक्तों की करीब 15 किमी लंबी यात्रा को कम कर देता है। क्षेत्र के लोगों ने चंदा एकत्र कर नंदगांव में शिवभक्तों की राह को आसान करने के लिए करीब 700 मीटर लंबा लकड़ी का पुल भी बनाया है।
हम हार मानने वाले नहीं, मंजिल पर पहुंच कर रहेंगे : शिवभक्त
काशीपुुर, जसपुर, उद्वमसिंह नगर निवासी शिवभक्त मदन सिंह, गोपाल सिंह, भारत सिंह, गौरव कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से विकास का ढिंढोरा तो खूब पीटा जा रहा है। लेकिन कार्य कहीं धरातल पर नहीं दिखा है। जिसका खामियाजा हल्की सी बरसात होने पर शिवभक्तों को झेेलना पड़ रहा है। लेकिन वह भी हार मानने वाले नहीं है। कांवड़ लेकर मंजिल तक समय से पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।
प्रशासन ने किया मार्ग परिवर्तित : एसडीएम
एसडीएम विजय वर्धन तोमर का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। शिवभक्तों की सुविधा के लिए इस बदहाल मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। अब शिवभक्त इस मार्ग से न जाकर नगीना से धामपुर होकर गंतव्य की ओर से जाएंगेे। सीओ धामपुर अजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि मार्ग नगीना से डायवर्ट कर दिया गया है। अब शिवभक्त कच्चे मार्ग से न होकर हाईवे 74 फोरलेन से ही होकर गंतव्य को जाएंगे।