बस की चपेट में आकर कांवड़िये की मौत
नूरपुर(बिजनौर)। बृहस्पतिवार रात नूरपुर-नहटौर मार्ग पर गांव कुंडा बल्दाना के पास रोडवेज बस की चपेट में आकर एक कांवड़िए की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव कैमरी निवासी पद्म सिंह (38 वर्ष) तीन दिन पहले हरिद्वार से कांवड़ लेने गया था। बृहस्पतिवार रात वह कांवड़ लेकर गांव के ही दो अन्य लोगों के साथ वापस घर आ रहा था। रात करीब डेढ़ बजे नूरपुर नहटौर मार्ग पर गांव कुंडा बल्दाना के पास पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में पद्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पद्म सिंह की मौत की सूचना पर उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि पद्म सिंह प्रत्येक वर्ष कांवड़ लेने जाता था। रात करीब 11 बजे उसने फोन करके नहटौर से चलने की बात बताई थी। हादसे के बाद बस का चालक बस लेकर फरार हो गया। मृतक के भतीजे लोकेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय पांचाल ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाली बस की जानकारी का प्रयास किया जा रहा है।
मार्ग बंद होने के बावजूद गुजरे भारी वाहन
नूरपुर-नहटौर मार्ग पर कांवड़ मेले के चलते 21 फरवरी तक वाहनों का संचालन बंद करने के आदेश किए गए थे। एसपी के आदेश के बाद भी नहटौर की ओर से काफी वाहन इस मार्ग से आ रहे थे। रोडवेज बस भी नहटौर की ओर से आई थी। पुलिस द्वारा नहटौर रोड पर वाहनों का आवागमन बंद किया जाता तो शायद यह घटना न होती।