नूरपुर में मुरादाबाद मार्ग पर दौलतपुर बिजलीघर के पास हुई कार-ट्रैक्टर की आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार किसान सहकारी समिति ताजपुर के प्रबंध निदेशक सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात में ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
राजा का ताजपुर निवासी गोपाल त्यागी, बलराम तोमर, सुमित, जाकिर और बिजनौर के सर्वोदय कॉलोनी के देवराज सिंह के साथ मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती मरीज को देखने गए थे। शनिवार को पांचों कार से घर लौट रहे थे। तड़के करीब तीन बजे मुरादाबाद मार्ग पर दौलतपुर बिजलीघर के सामने ट्रैक्टर-कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में गोपाल त्यागी (60), बलराम तोमर (45) व देवराज सिंह (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित और जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए। बिजलीघर में मौजूद कर्मचारियों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को धामपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में शिकार हुए देवराज सिंह ताजपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति में प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात थे। देवराज एवं गोपाल त्यागी की एक ईंट भट्ठे में साझीदारी थी। वह अधिकतर ताजपुर में ही रहते थे। मृतक गोपाल त्यागी के पौत्र अंकित त्यागी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर अज्ञात में ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे से तीनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि ट्रैक्टर चालक की खोजबीन कर कार्रवाई की जाएगी।
युवक की मौत पर हाईवे जाम किया
बिजनौर में नगीना बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मुआवजे की मांग को लेकर बाईपास जाम कर दिया। जाम लगने के कारण शहर व बाईपास पर घंटों यातायात प्रभावित रहा। एसडीएम अनुज सिंह के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।
शनिवार की सुबह सलामाबाद निवासी गंगाराम का पुत्र विपिन (33) मजदूरी करने के लिए साइकिल से शहर जा रहा था। गांव से निकलते ही बाईपास स्थित शिवम पैलेस के निकट वह ट्रक की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मुआवजे को लेकर बाईपास पर जाम लगा दिया। सड़क दुर्घटना की सूचना पर पहुंचे एसडीएम अनुज सिंह व सीओ असित श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों को घंटों तक समझाया। परिजनों ने एसडीएम अनुज सिंह के आश्वासन पर करीब 12 बजे जाम खोला। पुलिस ने चालक समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया। बाईपास सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक जाम रहा।
बाइक गड्ढे में गिरी, महिला ने दम तोड़ा
नजीबाबाद/जलालाबाद/गंज दारानगर।
ग्राम पंचायत कल्हेड़ी के पूर्व प्रधान मो.समी अपनी पत्नी शाहीना के साथ बाइक से अपनी पुत्री की शादी की तारीख तय करने गांव हरेवली जा रहे थे। हाईवे पर गुनियापुर के निकट गड्ढे से बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पर बैठी मो.समी की पत्नी शाहीना (45) के गिरने से सिर में गंभीर चोटें आईं। उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
वहीं गंजदारानगर में मेरठ जिले के बहसुमा के मोहल्ला कोठला निवासी छत्रपाल का पुत्र मोहित (21) बाइक से चांदपुर से अपने घर जा रहा था। शुक्रवार की रात गांव लच्छीवाला के निकट ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक करते समय वह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, अफजलगढ़ मेंगांव दल्लीवाला निवासी ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि उनका पुत्र सुनील कुमार (23) ट्रक चालक था। वह बुधवार को अफजलगढ़ से लकड़ी भरकर यमुनानगर (हरियाणा) गया था। बृहस्पतिवार की रात वह दस टायरा ट्रक साइड में खड़ी कर दुकान पर जाने के लिए पैदल सड़क पार कर रहा था। इस दौरान मार्ग पर अचानक आए एक बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शनिवार को अंतिम संस्कार रामगंगा घाट भूतपुरी में कर दिया गया है।
ट्रक की टक्कर से जान गई
नूरपुर में हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव पावटी निवासी अकरम (45) शनिवार को नूरपुर में खरीदारी करने आया था। घर जाने के लिए वह नहटौर चौराहे के पास सवारी के इंतजार में खड़ा था। बिजनौर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में अकरम घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पीएचसी में भर्ती कराया, जहां पहुंचे परिजन उसे मुरादाबाद ले गए। मुरादाबाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार हो गया।