बिजनौर में ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर जाम लगाती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बिजली कटौती से आजिज ग्रामीणों ने कंभौर बिजली घर पर प्रदर्शन करके धरना दिया। उधर, बिजनौर में फुंका ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर महिलाओं ने सिविल लाइन द्वितीय में लोकनिर्माण विभाग के डाक बगले के सामने आधा घंटे तक जाम लगाया। नए ट्रांसफार्मर के मंगाने आने व पुलिस के समझाने पर महिलाओं ने जाम खोला।
मंगलवार को कंभौर बिजलीघर पर गांव गंगदासपुर निवासी शूरवीर सिंह के साथ मानकपुर निवासी लाखन सिंह रजा अहमद , कल्याण सिंह, ओमवीर अमित राणा समेत तमाम किसान पहुंचे तथा बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीण बिजलीघर पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस मौके पर पहुंची तथा धरना देने वालों को समझाया। गांव वालों के मुताबिक दिन में मुश्किल से दो तीन घंटे बिजली ही मिल पा रही हैं। विद्युत अफसरों के आश्वासन पर खत्म हुआ।
उधर, बिजनौर के सिविल लाइन द्वितीय की शील कुंज कॉलोनी में रखा ट्रांसफार्मर रविवार की रात फुंक गया था। इस ट्रांसफार्मर से शील कुंज के अलावा साकेत कॉलोनी व सिविल लाइन द्वितीय में बिजली सप्लाई होती है। सोमवार को लगा दूसरा ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। महिलाओं ने मंगलवार को डाक बंगले के सामने रास्ता जाम कर दिया और सड़क पर बैठ गईं। शहर कोतवाली के प्रभारी सुरेंद्र पचौरी मौके पर पहुंचे तथा महिलाओं को समझाया। दूसरा ट्रांसफार्मर आने के बाद ही आंधे घंटे का जाम खोला गया।