पालिका के विकास कार्यों की जांच प्रारंभ
नगीना। भाजपा नेताओं द्वारा नगर पालिका परिषद नगीना के विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाने पर डीएम द्वारा गठित टीम ने नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर जांच की।
एसडीएम घनश्याम वर्मा ने बताया कि 13 अक्तूबर को क्षत्रिय नगर नगीना निवासी डॉ. संदीप शर्मा व 26 अक्तूबर को भाजपा के नामित सदस्य अजीत अग्रवाल, महावीर सैनी, संजय शर्मा आदि ने भाजपा के जिलाध्यक्ष के माध्यम से जिलाधिकारी बिजनौर को अलग-अलग शिकायती पत्र देकर नगर पालिका परिषद नगीना में भ्रष्टाचार, अवैध कार्य होने तथा सरकारी धन के दुरुपयोग होने का आरोप लगाया था। बताया कि दोनों शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने उनकी अध्यक्षता में एक जांच टीम का गठन किया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह वह जांच टीम के साथ नगरपालिका कार्यालय पहुंचे तथा शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में बिंदुवार शिकायतों की जांच की। उन्होंने बताया कि फाइलों की जांच पड़ताल में अधिक समय लग जाने के कारण स्थलीय जांच अभी बाकी रह गई है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी।
इस मौके पर जांच कमेटी के सदस्य बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी हामिद अहमद, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बिजनौर के अधिशासी अभियंता पीके शर्मा, तहसीलदार हामिद हुसैन, पालिका के चेयरपर्सन पति शेख खलीलुर्रहमान, पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह, मदन पाल सिंह, डॉ. संदीप शर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, अरविंद गहलोत, कृष्ण बलदेव सिंह, अजीत अग्रवाल, शिव शंकर सक्सेना, महावीर सैनी आदि मौजूद रहे।