बरकातपुर चीनी मिल पर ब्याज अब भी बकाया
बिजनौर। बरकातपुर चीनी मिल 14 दिन के नियम के अनुसार किसानों का भुगतान करने में 15 करोड़ पीछे हैं। मिल पर पिछले साल के विलंब भुगतान पर पांच करोड़ से अधिक का बकाया है। हालांकि इस पिछले साल के मुकाबले इस साल भुगतान में तेजी बरती जा रही है।
बरकातपुर चीनी मिल से 25 हजार से अधिक किसान जुड़े हैं। मिल ने पिछले पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने का शत प्रतिशत भुगतान बहुत पहले कर दिया था, लेकिन विलंब भुगतान पर मिलने वाला ब्याज अब भी बकाया है। इस बार मिल ने 74 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को कर दिया है। चालू पेराई सत्र में गन्ना भुगतान की शुरूआत सबसे पहले बरकातपुर चीनी मिल ने ही की थी, लेकिन अब भी मिल 14 दिन के अंदर मिलने वाले भुगतान से अब भी 15 करोड़ रुपये पीछे है। किसान राजवीर सिंह का कहना है कि मिल भुगतान तो ठीक ही कर रही है, लेकिन विलंब भुगतान पर ब्याज भी मिलना चाहिए। किसानों को भी मिलों की तरफ से ब्याज मिलना चाहिए। बरकातपुर मिल के गन्ना महाप्रबंधक विकास पुंडीर का कहना है कि लगातार किसानों का गन्ना भुगतान किया जा रहा है। बैंकों की हड़ताल से भुगतान प्रभावित हुआ है। एक-दो दिन में ही और भुगतान किया जाएगा। इसके बाद नियम के अनुसार ही 14 दिन के अंदर किसानों को गन्ने का भुगतान मिलने लगेगा।