सड़कों और नालियों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
नजीबाबाद। एसडीएम ने ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़ के विकास और राजस्व कार्यों का सत्यापन किया। उन्होंने निर्माणाधीन कूड़ा निस्तारण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रधान को पुरानी सड़कों, नालियों और हाल ही में गिरी स्कूल की बाउंड्रीवॉल तत्काल बनवाने के निर्देश दिए।
एडीओ पंचायत ऋषि कुमार, प्रधान के पति हिमांशु चौहान की उपस्थिति में एसडीएम ने ग्राम पंचायत के तालाब और कृषि खातों का निरीक्षण किया। 350 खातों के निरीक्षण के दौरान खतौनी में सभी विरासत दर्ज पाई गईं। प्रधानमंत्री आवास, सार्वजनिक शौचालय, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति से जुड़े हैंडपंपों आदि का एसडीएम ने जायजा लिया। एसडीएम ने ग्राम पंचायत के लिए निर्माणाधीन कूड़ा निस्तारण केंद्र का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। प्राइमरी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं। एसडीएम ने किरतपुर की सरकड़ा खेड़ी ग्राम पंचायत के भी राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
जालबपुर गूदड़ में बनेगा उप स्वास्थ्य केंद्र
नजीबाबाद। ग्राम पंचायत जालबपुर गूदड़ में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण प्रस्तावित है। एसडीएम परमानंद झा ने राजस्व विभाग के सत्यापन के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण के लिए 200 वर्गमीटर जमीन स्वास्थ्य विभाग को सौंपी।